अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार को खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट के संदेह में साढ़े छह क्विंटल चिक्की सील कर दी। इसके साथ चिक्की, दूध व किशमिश का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
डीएम के निर्देश पर गुरुवार को भी अभिहीत अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम की अभियान जारी रखा। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को टीम ने जिला मुख्यालय स्थित महानगर कॉलोनी के रामचंदर गुप्ता की चिक्की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। मिलावट के संदेह में साढ़े छह क्विंटल चिक्की को सीज कर उसका नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। इसके अलावा पटेलनगर तिराहा स्थित प्रताप जनरल स्टोर से मिलावट के संदेह में किशमिश तो रगड़गंज बाजार से दूधिया राजाराम व दिनेश से दूध का नमूना लिया। बाद में सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया। टीम में रत्नाकर पाण्डेय, गुलाबचंद्र, शैलेंद्र व हंसराज शामिल रहे। जिला मुख्य खाद्य अधिकारी केके उपाध्याय ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।