अंबेेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में सलोनी, बालक वर्ग में मोहम्मद अमजद ने बाजी मारी। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से सोमवार को खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया था। मंगलवार को विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने बताया कि 400 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में सलोनी प्रथम, सौम्या को दूसरा स्थान मिला।
बालक वर्ग में मोहम्मद अमजद ने कुलदीप को हराया। मुख्य अतिथि अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता में सभी को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। बाद में विजयी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राकेश मिश्र, सूरज कुमार, कपिलदेव, सुशीला, गौरव आदि मौजूद रहे।