कई शिकायतों के बाद भी जर्जर सड़क को सही न करने पर मंगलवार को भी केदारनगर बाजार के ग्रामीणों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। उन्होंने जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। डांड़ी महमदपुर से नाउसांडा तक का मार्ग चलने लायक नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। हालांकि, दोपहर बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। ग्रामीणों ने एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया।
डांड़ी महमदपुर से नाउसांडा इंटर कॉलेज के मुख्य गेट तक का मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। बारिश के कारण आठ किमी लंबा यह मार्ग जलमग्न है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बीते सोमवार को ग्रामीणों ने अकबरपुर इल्तिफातगंज मार्ग जाम कर दिया।
एसडीएम टांडा नरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन शांत कराया था। मंगलवार सुबह फिर से ग्रामीणों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष रणजीत वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई की। इस बीच दोपहर बाद पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
एसडीएम ने समझाने पर धरना समाप्त हो गया। इस दौरान हरीराम बौद्ध, राजेश यादव, लल्लन जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।