माइनर में पानी न आने से नाराज रगड़गंज व आसपास के दर्जन भर गांवों के ग्रामीणों ने मंगलवार को रगड़गंज बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। कहा गया कि माइनर में पानी न आने से धान की फसल सहित अन्य फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। सिंचाई की समुचित व्यवस्था न होने से खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
चेतावनी दी गई कि यदि दो दिन के अंदर माइनर में पानी नहीं आया, तो चक्काजाम किया जाएगा।
तमाम मांग के बाद भी माइनर में पानी न आने से नाराज रगड़गंज, डइयाडीह, विजय गांव, रगड़गंज, अफजलपुर सहित कई गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मंगलवार सुबह रगड़गंज बाजार पहुंचे।
यहां प्रदर्शन करते हुए कहा कि लंबे समय से माइनर में पानी नहीं आ रहा है। इसके लिए विगत दिनों जब अकबरपुर टांडा मार्ग जाम किया गया था, तो मौके पर पहुंचे डीएम ने शीघ्र ही माइनर में पानी आने का आश्वासन दिया था। हालांकि अब तक पानी नहीं आया है।
इससे सिंचाई में व्यापक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रामदिवाकर तिवारी व लालजी शुक्ल ने कहा कि प्रशासन को किसानों के हित से कोई लेनादेना नहीं है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि माइनर में पानी न होने से लगभग एक दर्जन भर गांवों के किसान फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का निस्तारण करने की सुध किसी को नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि बीते दिनों इसी मामले को लेकर जब जाम लगाया था, तो डीएम ने शीघ्र ही पानी आने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका। इससे साधन संपन्न किसान तो किसी प्रकार धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के समक्ष विभिन्न प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई, तो फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। चेतावनी दी गई कि यदि दो दिन में पानी नहीं आया, तो चक्काजाम किया जाएगा। इस दौरान शशि तिवारी, प्रेमनाथ, जयराम, अरविंद, रामप्रसाद, राजकुमार, रामअधीर, पप्पू, बाबूराम आदि मौजूद रहे।