टांडा। विधानसभा क्षेत्र टांडा के आसोपुर ग्रामसभा के पुरवा सरैया में सोमवार को विधायक प्रतिनिधि ने पूजन अर्चन कर 18 लाख से बनने वाले सीसी रोड का शिलान्यास किया। ग्रामीणों की मुश्किलों का देखते हुए बीते दिनों विधायक संजू देेवी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि जल्द ही उनकी आवागमन समस्या को दूर किया जाएगा। विधायक की पहल पर अब ग्रामीणों को जल्द ही सीसी रोड पर चलने का अवसर प्राप्त होगा। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि टांडा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आसोपुर के मजरा सरैया के बाशिंदों को आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा था। बीते दिनों लॉकडाउन के दौरान विधायक संजू देवी क्षेत्र भ्रमण करने के दौरान इस मजरे तक पहुंची थीं। यहां गांव में आवागमन के लिए बने मार्ग की बदहाली का संज्ञान लिया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष अविलंब मार्ग की बदहाली दूर कराए जाने की मांग की थी। विधायक ने इसके लिए बीते दिनों शासन को पत्र लिखा और सरैया मजरे में 200 मीटर लम्बी सीसी रोड बनवाने की मांग की।
करीब 18 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति मिल गई। सोमवार को विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दानबहादुर यादव व ग्रामवासियों की मौजूदगी में पूजन कर मार्ग निर्माण की शुरुआत की।गांव में सीसी रोड निर्माण का शुभारंभ देखकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल दिखा। ग्रामीणों का कहना था कि वह लोग वर्षोँ से कीचड़युक्त मार्ग से होकर गुजरने के लिए विवश थे। मार्ग बन जाने पर उन्हें कीचड़ से निजात मिलेगी।
विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आगे भी उनके हितों का ख्याल रखा जाएगा। प्रदेश सरकार आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य, शुद्घ पेयजल, अच्छी शिक्षा व बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। मौजूदा सरकार ने हर घर तक सरकारी सुविधा पहुंचाने का कार्य किया है। पहली बार किसी केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं इतनी पारदर्शिता के साथ पात्रों तक पहुंच रही हैं। इस मौके पर श्यामसुंदर यादव, मुन्ना, सुरेश, रमेश यादव, ग्राम प्रधान विक्रांत राव, सुनील गौतम आदि मौजूद रहे।