अंबेडकरनगर सीएमओ कार्यालय में आयुष्मान भारत योजना के संचालन में सहयोग करने वाले अस्पताल संचालक?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। आयुष्मान भारत योजना के 3 वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को सीएमओ कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। बतौर मुख्य अतिथि सीडीओ घनश्याम मीणा व विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान भारत योजना को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों समेत विभिन्न निजी अस्पताल के संचालकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी घनश्याम मीणा ने कहा कि सरकार की यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हुई है। गरीब परिवार के बीमार सदस्यों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलने से काफी लोगों को लाभ पहुंचा है। कहा कि इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे गरीबों तक यह योजना सुचारु रूप से पहुंची।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने आम जनता के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं। आम जनता इसका भरपूर लाभ भी उठा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के कोटेदारों को भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित करते हुए उनकी दुकानों के पास गोल्डन कार्ड कैंप लगाया जाना चाहिए। इससे वंचित पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बन सकेंगे। प्रभारी सीएमओ डॉ. सालिकराम पासवान ने बताया कि अधिकाधिक पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया गया। इसके चलते ही जिले में बड़ी संख्या में पात्रों ने इसका लाभ उठाया। बताया कि इस योजना के तहत अछती रामनगर के राममिलन के दोनों कूल्हों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराया जा चुका है। मरथुआ सरैया के राजेश कुमार के दाएं कूल्हे का ऑपरेशन हुआ।
महिला राधिका को पिछले एक वर्ष से बच्चेदानी की बहुत समस्या थी, उनका भी दो वर्ष पहले सफलतापूर्वक ऑपरेशन कराया गया। इसके अतिरिक्त अन्य पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा, बसखारी, भियांव, कटेहरी एवं जिला अस्पताल के आयुष्मान मित्रों को उत्कृष्ट कार्य करने के उपलक्ष्य में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा अधिकतम मरीजों को भर्ती करने के लिए जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश, प्राइवेट हॉस्पिटल रामा मल्टी स्पेशलियटी की मैनेजर डॉ. ज्योति वर्मा एवं साकेत हॉस्पिटल को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, आयुष्मान भारत टीम के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मुकुल त्रिपाठी, जिला आईटी मैनेजर तरुण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।