अंबेडकरनगर। सर्पदंश के शिकार होकर जिला अस्पताल जाने वालों के लिए राहत की खबर है। सीएमओ कार्यालय से जिला अस्पताल को 30 वॉयल वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही एंटी स्नेक वेनम लेने के लिए जिला अस्पताल से टीम लखनऊ रवाना हो गई है। मंगलवार तक राज्य मुख्यालय से भी इंजेक्शन जिला अस्पताल को उपलब्ध हो जाएंगे।
बीते शुक्रवार को जिला अस्पताल में एंटीरैबीज इंजेक्शन समाप्त हो गए थे। नतीजा यह हुआ कि सर्पदंश के शिकार होकर पहुंचने वालों में जो भी गंभीर होता, उसे जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया जा रहा था। रविवार को टांडा कोतवाली अंतर्गत मुबारकपुर निवासी लक्ष्मी (25), इसी कोतवाली क्षेत्र के जमुनिया निवासी श्वेता (35) व नई बस्ती निवासी अब्दुल के पांच वर्षीय पुत्र खालिद को सांप के डसने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर देख इन तीनों को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। ऐसा इसलिए, क्योंकि जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम नहीं थी। हालांकि सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने दावा किया था कि सोमवार तक अस्पताल को इंजेक्शन मिल जाएंगे।
इस बीच सोमवार को सीएमओ कार्यालय से जिला अस्पताल को एंटी स्नेक वेनम की 30 वॉयल उपलब्ध करा दी गईं। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि 30 वॉयल सीएमओ कार्यालय से मिली हैं। 100 से अधिक वॉयल लेने के लिए जिला अस्पताल की टीम लखनऊ गई है। मंगलवार सुबह तक मुख्यालय से भी इंजेक्शन मिलने की संभावना है।