जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। मल्लूपुर मजगवां के दोहरे हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व गणमान्य नागरिकों ने सोमवार को भी मल्लूपुर मजगवां गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया। कहा कि दुख की इस घड़ी में वे सभी उनके साथ हैं।
चार जनवरी को मल्लूपुर मजगवां गांव के निकट पूर्व प्रधान पति व उनके बड़े भाई की हुई हत्या के बाद से ही पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला सह संयोजक उपमा पांडेय, वरिष्ठ नेता दिवाकर ओझा, गंगा मिश्र, रामशरीफ सिंह, जयप्रकाश पांडेय व राघव तिवारी ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें जरूरी मदद का भरोसा दिलाया।
सपा नेता बालगोविंद तिवारी गांव पहुंचे और कहा कि परिवारीजनों को अविलंब नौकरी दी जाए तथा 50-50 लाख रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। भाजपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बलराम निषाद, बृजेंद्र, कमलेश निषाद, हिंदू युवा वाहिनी के मोनू मिश्र व पूर्व ग्राम प्रधान देवव्रत मिश्र ने भी परिवारीजनों को ढांढस बधाया। क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों ने भी परिवार का हौसला बढ़ाया। कहा कि संकट की इस घड़ी में वे सब उनके साथ हैं।
इससे पहले रविवार को भाजयुमो जिला महामंत्री अभय सिंह मोनू, अरविंद उपाध्याय, विनोद तिवारी, अजय सिंह, ने रविवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। कहा कि दुख की इस घड़ी में वे सब उनके साथ खड़े हैं। प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि वे खुद को अकेला न समझें। वे उनके साथ हैं। उन्होंने परिवार को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।