अंबेडकरनगर। जनपद में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद हवा के तेज झोंकों और गलन भरी ठंड ने लोगों को बेहाल कर रखा है। बृहस्पतिवार की सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
धूप निकलने के बावजूद गलन भरी ठंड ने गर्माहट का एहसास नहीं होने दिया। शीतलहर के चलते शाम होते ही सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छा गया। लोग आग के सहारे बैठे नजर आए, वहीं बाजारों में भीड़ भी कम दिखाई दी।
मकर संक्रांति के अवसर पर लोग मंदिरों और पार्कों की ओर जरूर गए, लेकिन ठंड के कारण अधिक समय बाहर नहीं रह सके। कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि मौसम अगले तीन-चार दिनों तक ऐसा ही बना रह सकता है और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी संभव है। हालांकि, फिलहाल गलन भरी ठंड के बावजूद किसी फसल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।