पियारेपुर में ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
गलन व हाड़कंपाऊ ठंड के बीच रविवार को आमजन को कुछ राहत मिली। सुबह से ही तेज धूप निकलने व सर्द हवा के बंद होने से ठंड में कुछ कमी आई। हालांकि दिनभर गलन का दौर तब भी बरकरार रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े बाजारों में भी लगभग पूरे दिन रौनक रही। शाम होते-होते एक बार फिर से सर्द हवा का दौर शुरू हो गया जिससे गलन बढ़ गई।
कुछ दिनों से धूप निकलने के बावजूद पछुआ सर्द हवा चलने से हाड़कंपाऊ ठंड से जूझ रहे लोगों को रविवार को कुछ राहत मिली। दरअसल सुबह से ही तेज धूप निकली। साथ ही पछुआ सर्द हवा भी नहीं चली। इससे तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई। अन्य दिनों की अपेक्षा लोग अवकाश होने के बावजूद जल्दी ही जाग गए और तेज धूप का जमकर आनंद उठाया।
दुकानदार भी अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने बैठकर धूप का आनंद लेते दिखे। मौसम साफ होने से जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के छोटे-बड़े बाजारों में रौनक आ गई। लोगों ने बढ़-चढ़कर खरीदारी की। इससे कई दिनों से सन्नाटे की मार झेल रहे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे।
तेज धूप निकलने एवं रविवार के अवकाश के चलते तमाम लोग परिवार के साथ जिला मुख्यालय स्थित एकमात्र अंबेडकर पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने काफी समय व्यतीत किया। शिक्षक रूपचंद्र व अरविंद कुमार ने कहा कि कई दिनों के बाद मौसम कुछ अच्छा हुआ है।
अवकाश को देखते हुए बच्चों के साथ वह पार्क आए हुए हैं। हालांकि शाम होते-होते एक बार फिर से सर्द हवा चलने लगी। इससे एक बार फिर से तापमान में कमी आ गई। गलन बढ़ती देख लोग जल्दी-जल्दी काम निपटाकर घर लौट गए। नतीजतन समय से पहले ही बाजारों व प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरने लगा।