आलापुर(अंबेडकरनगर)। संस्कृत एक ऐसा विषय है, जिसमें मेहनत और सही रणनीति से आसानी से अच्छे अंक लाए जा सकते हैं। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने, व्याकरण पर पकड़ मजबूत करने और नियमित अभ्यास और संधियों की गलतियों पर विशेष ध्यान देने से बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षार्थी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तेदुवाई कला की संस्कृत की शिक्षिका संजली मौर्या ने परीक्षार्थियों को निश्चित अध्ययन शेड्यूल बनाने की सलाह दी है। कहा कि संस्कृत में अच्छे अंक लाने के लिए एक स्पष्ट और अनुशासित अध्ययन योजना बनानी चाहिए। हर दिन संस्कृत को पढ़ने, लिखने और समझने के लिए समय निकालें। इसके लिए पाठ्य पुस्तक के महत्वपूर्ण अध्यायों और व्याकरण के हिस्सों को प्राथमिकता दें। कठिन शब्दों और श्लोकों को याद करने के लिए अलग समय निर्धारित करें।
जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज रामनगर के शिक्षक तराकांत मिश्रा ने संस्कृत को कठिन मानने की जगह इसे आसान और रोचक बनाने पर ध्यान देने की सलाह दी है। कहा कि इसे एक स्कोरिंग विषय मानकर नियमित अभ्यास करें। इसके लिए टेबल बनाकर शब्द रूप, धातु रूप और संधि जैसे टॉपिक्स का बार-बार अभ्यास करें। व्याकरण और श्लोक का नियमित अभ्यास करें। दैनिक अभ्यास के तहत हलंत, विसर्ग, और संधियों की गलतियों पर विशेष ध्यान दें। इसके अलावा श्लोक लिखने और याद करने की आदत डालें। ऐसा करने से न केवल आपकी लेखन क्षमता सुधरेगी, बल्कि उत्तर लिखते समय आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
पंडित राम अवध स्मारक इंटर कॉलेज रामनगर शिक्षक जगदीश प्रसाद ने कहा कि संस्कृत एक ऐसा विषय है, जो कम समय की मेहनत में अधिक अंक दिला सकता है। परीक्षार्थी को नियमित और व्यवस्थित तैयारी से संस्कृत में बेहतरीन अंक लाकर अपना कुल स्कोर बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा संस्कृत में आपकी पकड़ मजबूत हो जाए तो भविष्य में इसे कॅरियर विकल्प के रूप में भी अपनाया जा सकता है।