जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जिला जेल में हत्या के आरोप में बंद बदमाश के नाम से सराफा व्यवसायी से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रकम न देने पर उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जेल में बंद बदमाश केडी सिंह समेत एक अन्य आरोपी के विरुद्घ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर चौराहा निवासी तिलक सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते दिनों उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन रिसीव करने पर आरोपी ने बताया कि उसका नाम केडी सिंह है और वह जिला जेल में बंद है।
कहा गया कि यदि वह अपने बेटे की जान की सलामती चाहता है तो पांच लाख रुपये दुर्गेश नाम के व्यक्ति को एक सप्ताह के अंदर सौंप दें। पैसा न मिलने पर उसके पुत्र की हत्या कर दी जाएगी। साथ ही कहीं शिकायत न करने की भी धमकी दी। यह फोन आने के बाद तिलक डर गया। कुछ दिनों तक यह बात उसने किसी से नहीं बताई। इस बीच उसने अपने मित्रों को मामले की जानकारी दी।
बाद में वह मित्रों के साथ जलालपुर कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जेल में बंद बदमाश केडी सिंह व दुर्गेश कुमार के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। अभी यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि फोन केडी ने किया था या किसी और ने।