फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: जिला अस्पताल में छापा, पैथोलॉजी संचालक पकड़ा गया

Sat, 27 Jul 2024 11:36 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
अकबरपुर में पैथोलॉजी सील करते अ​धिकारी। 
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में दलालों की दखल रोकने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को छापा। एडीएम के नेतृत्व में पड़े छापे में एक पैथोलॉजी लैब का संचालक हिरासत में ले लिया गया। एक महिला को भी पकड़ा गया। दोनों को अकबरपुर कोतवाली भेजने के साथ ही उन पर केस दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी गई। इस बीच देर शाम डीएम के सख्त निर्देश पर बिना लाइसेंस चल रही संबंधित पैथोलॉजी को सील कर दिया गया।
विज्ञापन

भ्रष्टाचार और मनमानी रोकने के लिए बलिया व अन्य जिलों में हो रही छापेमारी के क्रम में जिला प्रशासन ने यहां जिला अस्पताल में शनिवार सुबह दलालों को पकड़ने के लिए छापा डाला। डीएम अविनाश सिंह ने बाकायदा अधिकारियों की टीम बनाई। इसके बाद एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त के नेतृत्व में चार एसडीएम और छह अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को औचक निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
सुबह साढ़े दस बजे अस्पताल पहुंच कर अलग-अलग काउंटर की तरफ अधिकारी बढ़ चले। कोई पर्ची कटाने लगा तो कोई अधिकारी तीमारदार बनकर लैब में पहुंच गया। एडीएम ने अस्पताल में डाॅक्टर के कक्ष का निरीक्षण करना शुरू किया। यह सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडीएम ने कई मरीजों व उनके तीमारदारों से भी बात की। साथ ही एक्सरे रूम, लैब व सीटी स्कैन कक्ष के निरीक्षण के अलावा वार्डों में भर्ती मरीजों से भी फीडबैक लिया। सभी से कहा कि अगर इलाज के नाम पर किसी प्रकार की राशि की मांग कोई करता है तो उसकी जानकारी अधिकारियों को अवश्य दें।
विज्ञापन

छापे के दौरान ही टीम ने एक निजी पैथोलॉजी के संचालक खुर्शीद को पकड़ लिया। इसकी शिकायत जिला प्रशासन को मिल रही थी। अधिकारियों ने उसे पुलिस हिरासत में देकर अकबरपुर कोतवाली भिजवा दिया। इसी बीच निजी अस्पताल और पैथोलॉजी के लिए काम करने के आरोप में अन्नावा निवासी महिला कंचन को भी पकड़ लिया गया। उसे भी पुलिस हिरासत में देकर कोतवाली भेजा गया।
देर शाम जिला प्रशासन के निर्देश पर सीएमएस डॉ. ओम प्रकाश ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।


देर शाम सील हुई पैथोलॉजी
जिला अस्पताल से संचालक के पकड़े जाने के बाद डीएम ने एक और कमेटी गठित कर दी। इस पर एसडीएम भरत शुक्ल, डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा और सीएचसी अकबरपुर प्रभारी डॉ. मार्कंडेय की टीम पकड़े गए संचालक खुर्शीद के भारत पैथोलॉजी पहुंची। वहां पैथोलॉजी से जुड़े कागजात नहीं पाए गए। इस पर उसे तत्काल सील कर दिया गया।


ड्रेस कोड में रहने की हिदायत
एडीएम के निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ कर्मचारियों ने निर्धारित ड्रेस नहीं पहनी थी। इसपर उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई। कहा गया कि अगर दोबारा निरीक्षण में कोई भी स्टाफ बिना ड्रेस के पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अगर स्टाफ के लोग अपनी ड्रेस में रहेंगे तो आम लोग भी उन्हें आसानी से पहचान सकेेंगे। लगातार जो बाहरी लोगों के अस्पताल में जांच और अन्य कार्यों के लिए आने की शिकायत मिलती है उनकी आसानी से पहचान भी हो सकेगी।


मरीजों का हित सर्वोपरि
जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण में मरीजों व तीमारदारों से बात की गई लगभग व्यवस्था सामान्य मिली। मरीजों का हित सर्वोपरि है।कुछ स्थानों पर साफ सफाई के निर्देश दिये गए और सभी को ड्रेस में अस्पताल में आने को कहा गया। बाहरी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई गई है। -डाॅ. सदानंद गुप्त एडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें