जलालपुर में पंप खराब होने के चलते खड़ा पानी का टैंकर। संवाद
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका जलालपुर का पंप नंबर चार एक हफ्ते से खराब है। इससे सात वार्डों के करीब 10 हजार लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पानी के लिए दूसरों के सबमर्सिबल पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
इस पंप से वार्ड संख्या 25 में स्थित पानी की टंकी से पानी की सप्लाई अलग-अलग मोहल्लों में की जाती थी, लेकिन पंप चालू न होने के कारण पानी ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच पा रहा। वार्ड नंबर 25 पश्चिम का पूर्वी दक्षिणी हिस्सा, वार्ड नंबर 4 जलालपुर पूर्वी, वार्ड नंबर 5 पश्चिम का पश्चिमी हिस्सा, वार्ड नंबर 6 वाजिदपुर पश्चिम, वार्ड नंबर 16 पश्चिम का पूर्वी हिस्सा, वार्ड नंबर 7 वाजिदपुर पश्चिम, वार्ड नंबर 12 वाजिदपुर दक्षिणी इससे प्रभावित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासी सुहेल अहमद ने बताया कि एक हफ्ते से पंप खराब है, मोहल्ले के लोग जैसे-तैसे पानी का इंतजाम कर रहे हैं। आशु गुप्ता ने कहा कि पाइपलाइन की ऊंचाई के चलते पानी घरों तक नहीं पहुंच रहा। पंपों का दबाव इतना कमजोर है कि सप्लाई प्रभावित हो रही है। जितेंद्र यादव ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि पुराने पंप की मरम्मत में समय बर्बाद किया जा रहा है, जबकि नया पंप लगाया जाना चाहिए था।
वहीं सभासद प्रतिनिधि देवेश मिश्र ने बताया कि अधिशासी अधिकारी से मिलकर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की गई है।अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि पंप की मरम्मत जारी है, जल्द ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।