29 मई रविवार को चलने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने को लेकर गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सीडीओ नेहा प्रकाश ने कहा कि पोलियो एक जानलेवा बीमारी है। इसे जड़ से समाप्त करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। ऐसे में इसे लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कहा कि आगामी 29 मई को चलने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर अपना शत प्रतिशत योगदान देना होगा।
श्रीमती प्रकाश ने कहा कि अभियान में यदि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक एक्शन लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. जीआर चंद्रा ने बताया कि 29 मई को जिले के 1 हजार 752 बूथों पर 3 लाख 13 हजार 882 बच्चों को पोलियो की खुराक दिए जाने का लक्ष्य है।
अभियान को सफल बनाने के लिए 63 ट्रांजिट टीम व 15 मोबाइल टीम लगाई गई है। इसके अलावा 2 हजार 335 आशा, 334 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, 1 हजार 575 आईसीडीएस व 1 हजार 12 एनजीओ को लगाया गया है।
सीएमओ डॉ. चंद्रा ने बताया कि जो बच्चे पोलियो खुराक लेने से छूट जाएंगे और 30 मई से 3 जून तक घर घर अभियान चलाकर खुराक दी जाएगी। इसके लिए 694 टीमों को लगाया गया है। इसके अलावा 376 ईंट भट्ठों व 125 नट डेरों के 2 हजार 916 परिवारों के बच्चों को पोलियो की खुराक इस दौरान दी जाएगी।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र, परियोजना निदेशक उमाकांत त्रिपाठी, बीएसए एसएन सिंह, डीआईओएस डॉ. आरपी वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह, डीपीआरओ अनिल सिंह, डॉ. सतीराम, डॉ. एके गुप्ता, पंकज अग्रहरि, हनुमान प्रसाद आदि मौजूद रहे।