अंबेडकरनगर। कोरोना वॉयरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर आयोजित जनता कर्फ्यू रविवार को पूरी तरह सफल रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक सभी छोटे-बड़े बाजार पूरी तरह बंद रहे। सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा रहा। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। प्रमुख स्थानों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी थी तो वहीं तहसीलों में एसडीएम व सीओ कमान संभाले रहे। डीएम व एसपी ने जिला मुख्यालय के अलावा कई क्षेत्रों का भ्रमण कर जायजा लिया।
पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह 7 बजे से शुरू होने वाले जनता कर्फ्यू के लिए आम जनमानस पूरी तरह वचनबद्ध दिखा। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की जो दुकानें सुबह ही खुल जाया करती थीं, वे रविवार को नहीं खुलीं। आमतौर पर सुबह से ही आबाद रहने वाले रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन क्षेत्र में भी सन्नाटे का माहौल देखने को मिला।
जिला मुख्यालय पर सुबह से सन्नाटे का जो दौर शुरू हुआ वह शाम होने तक चलता रहा। जनता कर्फ्यू के चलते आमलोग घरों से निकले ही नहीं। सरकारी व निजी कार्यालय बंद होने के चलते भी किसी के सामने कार्यालय जाने की मजबूरी नहीं थी। छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। चायपान तक की दुकानें नहीं खुलीं। नतीजतन पूरे नगर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी लगातार हालात का जायजा लेते दिखे। एडीएम पंकज वर्मा व एएसपी अवनीश कुमार मिश्र भी लगातार भ्रमण पर रहे। जिला मुख्यालय पर पूरी तरह से बंदी का माहौल होने के चलते पुलिस प्रशासन को कोई खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी। इक्का-दुक्का दुकानें खुली भीं तो पुलिस कर्मियों को देख बंद कर लिया।
जिला मुख्यालय से सटे ग्रामीण क्षेत्र गौहन्ना चौराहे पर आमतौर पर भीड़भाड़ रहती है लेकिन रविवार को नजारा बदला दिखा। पूरी तरह चौराहा सन्नाटे में डूबा रहा। इसके अलवा रामपुर सकरवारी, भिखारीपुर, हजपुरा, आनंदनगर, यादव नगर, अहिरौली, जमुनीपुर, केदारनगर, अरिया, राजेसुल्तानपुर, जहांगीरगंज, नेवादा, बसखारी, किछौछा, कटेहरी, भीटी, महरुआ समेत अन्य सभी ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को पूरे दिन सन्नाटा दिखा।
ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने को लेकर जागरूकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ज्यादातर ग्रामीण पशुओं को चराने के लिए भी घर से बाहर नहीं निकले। पशुशाला में चारे आदि की व्यवस्था की गई। कटरिया सम्मनपुर के अनंतराम वर्मा व मनोज कुमार ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी को रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। यदि कोरोना को हराना है तो शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करना होगा।
बदलपुर के सुनील शर्मा व सत्येंद्र ने कहा कि भारत की ज्यादातर आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। ऐसे में कोरोना के प्रकोप को बढ़ने से रोकने को लेकर ग्रामीणों को सामूहिक प्रयास करना होगा। जागरूकता व एहतियात से ही कोरोना को फैलने से रोका जा सकता है।