आलापुर। आयुष्मान योजना के चयनित पात्रों के लिए खुशखबरी है। स्वास्थ्य विभाग की पहल पर अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भी मुफ्त आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाया जाने लगा है। इससे क्षेत्र के पात्रों को दूरदराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पात्र सुलभता से गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। सिर्फ अपनी पात्रता साबित करने के लिए जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवार के सदस्यों को 5 लाख रुपये तक के इलाज की फ्री सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस योजना के तहत बड़े पैमाने पर पात्रों का चयन हुआ है। शासन का निर्देश है कि पात्रता सूची में आने वाले लोगों को योजना का लाभ उठाने के लिए गोल्डन कार्ड बनवाना होगा। इस कार्ड के बन जाने से पात्र लोग देश के किसी भी चयनित अस्पताल में इलाज करा सकते हैं।
शासन द्वारा पहले कुछ अस्पतालों व जनसेवा केंद्रों को गोल्डन कार्ड बनाने की अनुमति दी थी लेकिन आलापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में यह सुविधा न होने के चलते स्थानीय पात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। इस बीच अब स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भी निशुल्क गोल्डन कार्ड बनाने की अनुमति दे दी है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. एमएल निगम ने बताया कि अस्पताल में निशुल्क गोल्डन कार्ड बनने की सेवा शुरू हो गई हो गई है। फिलहाल कोरोना वायरस को देखते हुए कार्य ठप है। स्थिति सामान्य होने पर सेवा शुरू की जाएगी। दो दिनों में 30 से अधिक पात्रों ने अपना गोल्डन कार्ड बनवा लिया है।