महरुआ। जंगल की भूमि पर विद्यालय संचालन व रसोई गैस सिलेंडर में पानी की मिलावट समेत कई अन्य सामाजिक मुद्दों को उठाते हुए भारतीय किसान यूनियन (यूनिटी अराजनैतिक) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाध्यक्ष पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में महरुआ थाने पर प्रदर्शन की नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने संगठन कार्यकर्ताओं से वार्ता की। जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को मांगों से संबंधित पत्र सौंप त्वरित निस्तारण की मांग की।
विभिन्न सामाजिक मुद्दों को उठाते हुए बुधवार को भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने महरुआ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि भीटी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा भीटी में योजनाबद्ध तरीके से भू-माफिया द्वारा जंगल की भूमि पर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। यह पूरी तरह से अनैतिक है। मामले की जांच कराकर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए। कहा कि एक गैस एजेंसी द्वारा मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है।
ग्राहकों के हितों व सुरक्षा को दरकिनार कर गैस सिलेंडर में करीब दो लीटर तक पानी मिलाया जा रहा है। इस कृत्य के जरिए ग्राहकों को एक तरफ आर्थिक चपत लगाया जा रहा है तो दूसरी तरफ उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई हेतु कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन न तो मामले में किसी तरह की कोई जांच की गई और न ही कार्रवाई। इसी का नतीजा है कि ऐसे तमाम गैंस एजेंसी धारक हैं जो कार्रवाई के अभाव में मामूली लाभ के लिए ग्राहकों के हितों के साथ खिलवाड़ करते चले आ रहे हैं। यदि इनके विरुद्ध कार्रवाई का साहस दिखाया गया होता तो ऐसी मनमानी पर अंकुश लग सकता था।
उधर एसओ शंभूनाथ ने समूचे मामले से एसपी आलोक प्रियदर्शी को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने संगठन कार्यकर्ताओं से समस्याओं के संदर्भ में वार्ता कर निस्तारण का भरोसा दिलाया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं होता तो प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।