तहसील क्षेत्र में सरयू नदी, थिरुआ नाला व टोनरी नदी से प्रभावित होने वाले छह दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को शरण लेने के लिए नौ बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। साथ ही अफसरों व कर्मचारियों की तैनाती भी निर्धारित कर दी गई है।
एसडीएम नरेंद्र सिंह व तहसीलदार राजेश सिंह ने बताया कि कार्ययोजना के मुताबिक बाढ़ से निपटने के लिए ब्लॉक कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग व सामान्य कार्यों के लिए कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल के अलावा प्रधानों से भी सहयोग लिया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को शरण देने के लिए नौ चौकियों की स्थापना की गई है। प्राथमिक विद्यालय अवसानपुर, चिंतौरा, महरीपुर, डुहिया, फूलचंद, केवटला, नसरुल्लाहपुर, रामपुर, बिहरोजपुर व जूनियर हाईस्कूल बसखारी में बाढ़ चौकी बनाई गई है।
बताया कि बीते दिनों जलस्तर में वृद्धि हुई थी, लेकिन अब उसमें कमी हो रही है। उधर, फैजाबाद स्थित बाढ़ कंट्रोल रूम के प्रभारी गुलाम हुसैन ने बताया कि गुरुवार से नदी का पानी कम होने लगा है।