जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में 13 नवंबर को हाईटेंशन तार टूट गया। इससे आजमपुर, नसीरपुर, ऐनवां, बंगालपुर, गिरैयाबाजार, सरजूनगर, कम्हरिया, सोनवां, केदरूपुर, नरवा पीतांबरपुर, चांड़ीपुर सहित लगभग 21 गावों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लगभग 40 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
उपभोक्ताओं ने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी, लेकिन अब तक इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। नतीजा यह है कि न सिर्फ उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बल्कि लघु उद्योगधंधे भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीण उमापति तिवारी, राजेंद्र कुमार, घनश्याम गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गड़बड़ी को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल किए जाने को लेकर वे लगातार संबंधित अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन इस तरफ अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक गड़बड़ी ठीक कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उधर जेई अवधेश यादव ने ऐसी किसी जानकारी से इंकार किया है, जबकि लाइनमैन रामचंदर का कहना है कि उसने गड़बड़ी की जानकारी न सिर्फ जेई, बल्कि एसडीओ को भी दूरभाष पर दे दी थी।