भीटी में फाल्ट को ठीक करते बिजलीकर्मी। संवाद
अंबेडकरनगर। जिले में तेज बारिश और हवा के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां बिजली के तारों पर गिरने से घंटों बिजली गुल रही, जिससे ग्रामीणों को असुविधा हुई।
भीटी क्षेत्र में बुधवार को तेज बारिश के बाद 33 हजार बिजली लाइन पर पेड़ की डालियां गिरीं। इससे 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजलीकर्मियों ने शाम पांच बजे तक डालियां हटाकर आपूर्ति बहाल की। बैरमपुर बरवा बिजली घर के शिवबाबा फीडर के मूसेपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
विद्युत वितरण खंड टांडा के 132 केवीए उपकेंद्र का 63 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर सात दिन से खराब है। इसे अभी तक बदला नहीं जा सका है। सुलेमपुर, हीरापुर, डुहिया, पुलिस चौकी, धागा मिल, पुंथर, मोहनगंज सहित छह फीडरों के 100 से अधिक गांवों की आबादी बिजली समस्या से जूझ रही है। सामान्यतः 18 घंटे बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन इन दिनों रोस्टिंग के अनुसार केवल चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। एसडीओ ट्रांसमिशन आरपी पाठक ने बताया कि ट्रांसफार्मर एक-दो दिनों में आने की संभावना है। अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बारिश के कारण हुए फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।