अंबेडकरनगर। सांसद रितेश पांडेय ने लोकसभा में शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री शुरू करने की आवाज उठाई। कहा कि इसके लिए एमसीआई को जरूरी निर्देश दिए जाएं जहां प्रस्ताव लंबित है। उन्होंने अति पिछड़े वर्ग के आरक्षण के लिए रोहिणी आयोग को लागू करने पर भी जोर दिया।
सांसद ने लोकसभा में कहा कि उनके जिले में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज स्थित है। यहां अभी एमबीबीएस की डिग्री दी जा रही है। पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए प्रस्ताव दिए गए हैं लेकिन उस पर निर्णय नहीं हो पा रहा है। चिकित्सा सुविधा बढ़ाने की जरूरत है। कई तरह की बीमारियों से रोकथाम के लिए एमडी व एमएस स्तर के डॉक्टरों का बढ़ना अनिवार्य है। ऐसे में इस पर अविलंब निर्णय कराया जाए जिसका लाभ अंबेडकरनगर के अलावा आसपास के जनपदवासियों को भी मिल सके।
सांसद ने लोकसभा में पिछड़े वर्ग के आरक्षण के लिए बने रोहिणी आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने तथा उसे लागू करने पर जोर दिया। सांसद ने कहा कि पिछड़े वर्ग के आरक्षण में कहांर, कुहार, बिंद, मौर्य, कुशवाहा, शर्मा, नाई, विश्वकर्मा व राजभर आदि को पर्याप्त आरक्षण नहीं मिल पाता। इनकी स्थिति दलित समाज से भी दयनीय है। इनको लाभ दिलाने के लिए आयोग को लागू करना अनिवार्य हो गया है।