बसखारी। साइबर ठगों ने स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बनकर तीन महिलाओं के बैंक खातों से कुल 11,789 रुपये पार कर दिए। बिना ओटीपी के हुई इस ठगी से पीड़ितों में हड़कंप मच गया है।
भटपुरवा निवासी सुषमा के अनुसार, 12 अक्तूबर की शाम एक कॉलर ने खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताया और विश्वास जीतने के लिए कॉन्फ्रेंस कॉल पर आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बात कराई। पोषाहार वितरण की जांच का हवाला देकर उसने सुषमा का ऑनलाइन पेमेंट वाला मोबाइल नंबर ले लिया। अगले दिन 13 अक्तूबर को उनके खाते से 4,289 रुपये कट गए।
इसी तरह जालसाजों ने पाईपुर निवासी अर्चना के खाते से 2,500 रुपये और खेमपटी निवासी पुनीता के खाते से 5,000 रुपये निकाल लिए। खास बात यह रही कि ठगों ने केवल मोबाइल नंबर हासिल कर बिना ओटीपी बताए ही खातों से रकम उड़ा दी। सुषमा ने साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।