टांडा (अंबेडकरनगर)। बुनकर व्यवसायी से शुक्रवार रात हुई लूट मामले में अलीगंज पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अलीगंज थाने के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को वारदात के खुलासे के लिए लगा दिया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक वारदात का खुलासा नहीं हो सका है।
अलीगंज के मोहल्ला अलीगंज सालारगढ़ निवासी मोहम्मद फहद शुक्रवार रात लगभग 9 बजे बाराबंकी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में कपड़ा बेचकर लौट रहे थे। मित्रों के साथ कार से आने के बाद वे सालारगढ़ मस्जिद के पास उतर गए। यहां से बैग लेकर घर जाने लगे। इसी बीच वहां पहले से खड़े तीन लुटेरे उनका बैग छीनने लगे। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने फायर कर दिया। इस पर उन्होंने बैग छोड़ दिया और बदमाश बैग लेकर भाग गए। बैग में व्यापारी का लैपटॉप सहित नकदी व अन्य सामान था।
व्यापारी के साथ हुई इस घटना से अन्य व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है। सीओ शुभम कुमार ने बताया कि एसओजी के साथ ही सर्विलांस टीम को लगाया गया है। घटना के समय संबंधित क्षेत्र में सक्रिय चल रहे मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ जारी है।