फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिशन शक्ति के तहत पुलिस कर्मियों ने बढ़ाया युवतियों का मनोबल

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। मिशन शक्ति मुहिम के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने आयोजन कर युवतियों व महिलाओं का मनोबल बढ़ाया। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने जहां गोष्ठी के माध्यम से महिलाओं का मनोबल बढ़ाया, वहीं विभिन्न विद्यालयों में पुलिस कर्मियों ने ऑनलाइन भाषण प्रतियोगिता के साथ ही आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया। इस बीच शुक्रवार को जिले में एक साथ महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ होगा। इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में गुरुवार को मिशन शक्ति के तहत सभागार में गोष्ठी का आयोजन हुआ। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने महिलाओं व बालिकाओं के सशक्तीकरण पर जोर दिया। कहा कि शासन की मंशा के अनुसार पुलिस प्रशासन को पूरी सक्रियता से काम करना होगा। महिलाओं के हितों को लेकर पूरी दृढ़ता से काम किया जाए। महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के साथ ही शोषण व उत्पीड़न के विरुद्घ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जाए।
कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार मिश्र ने सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वह अपने अपने क्षेत्र में मिशन शक्ति को पूरी गंभीरता से लागू करें। महिलाओं की शिकायतों का संज्ञान लेने के साथ ही उन्हें जागरूक करने की जरूरत है। एक दिन पहले पुलिस लाइन में हुई भाषण प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाली टांडा की छात्रा नमरा फैज को सीओ भीटी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पुरस्कृत किया। इसके साथ ही गुरुवार को ऑनलाइन भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रेमा देवी मेमोरियल एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित द वारियर मार्शल आर्ट एकेडमी से जुड़ी संध्या राजभर, माही राजभर, आंचल व अमर सैनी ने मां ब्रह्मादेवी रमाशंकर इंटर कॉलेज में महिलाओं व महिला कांस्टेबल को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया।
विज्ञापन

आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार पं. रामलखन शुक्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय आलापुर में मिशन शक्ति कार्यक्रम के छठे दिन स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य फूलमती ने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। कहा कि जब तक छात्राएं स्वस्थ नहीं रहेंगी तब तक वे कोई भी कार्य अच्छे ढंग से संपादित नहीं कर पाएंगी। स्वास्थ्य के प्रति कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए। द्वितीय सत्र में महिला सम्मान विषय पर व्याख्यानमाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य दशरथ यादव ने कहा कि पुरुषों को सदैव नारियों का सम्मान करना चाहिए। संयोजक संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा अनेक महिला हेल्पलाइन नंबर चलाए गए हैं।
अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने की। इस मौके पर डॉ. प्रवीण कुमार यादव, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. लालजीत राम, डॉ. ओमकार नाथ सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डॉ. रीता सिंह, दशरथ यादव, सजनलाल आदि मौजूद रहे। मिशन शक्ति के तहत गुरुवार को जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्हें पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी की तरफ से प्रमाण पत्र भेजा गया था, जिसे कॉलेज पहुंचकर आलापुर थाने के सिपाही वीर पाल व उपेंद्र यादव ने सौंपा। इस मौके पर प्रधानाचार्य हरेराम त्रिपाठी, प्रभाकर मिश्र व विज्ञान भूषण पाठक आदि मौजूद रहे।
उधर बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार थाने में निर्माणाधीन महिला हेल्पडेस्क का सीओ सिटी नवीन कुमार श्रीवास्तव ने जायजा लिया। एसओ श्रीनिवास पाण्डेय को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बताया कि आने वाली शिकायतों को स्कैन कर कम्प्यूटर पर अपलोड करना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें