आलापुर/जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग रामनगर ब्लॉक के तत्वावधान में आलापुर में ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दौड़, लंबी कूद व कबड्डी आदि खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया। कहा कि खेल मानव जीवन में प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करता है। हर खिलाड़ी का कर्तव्य है कि वह खेल भावना को जीवंत रखते हुए अन्य खिलाड़ियों का सम्मान करे। कहा कि खेल से संघर्ष व अनुशासन की सीख मिलती है। विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अशोक सिंह ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी परिणाम की चिंता किए बिना अंतिम क्षण तक संघर्ष करता है, वास्तव में वहीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होता है।
प्रतियोगिता के पहले सेट में हुई 100 व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान मो. अशरफ व द्वितीय स्थान विजय कुमार ने प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान विवेक यादव व द्वितीय स्थान उमेश को मिला। लंबी कूद में प्रथम स्थान मो. शमशाद व द्वितीय स्थान संतोष मौर्य ने प्राप्त किया जबकि बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान रोली गौतम व द्वितीय स्थान विनीता को मिला। लंबी कूद में प्रथम स्थान सादिया व द्वितीय स्थान अंजलि ने प्राप्त किया।
बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में रामनगर विजेता एवं हुसैनपुर उपविजेता रहा। इसी तरह अन्य खेलों में भी युवाओं व युवतियों ने बेहतर प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी तरफ आकृष्ट कराया। बाद में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अनिल मिश्रा, वीरेंद्र प्रताप सिंह व सहदेव आदि मौजूद रहे।