अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में 114 परीक्षा केंद्र निर्धारित हो गए हैं और अब इनका भौतिक सत्यापन शुरू किया जाएगा। केंद्रों का सत्यापन करने के लिए टीम बनाई जाएंगी, ताकि वहां कमियों को दूर किया जा सके।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण कराने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दरअसल, अब विभागीय अमला इन केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने में जुट गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी सत्यापन के दौरान केंद्रों पर कक्षों की संख्या, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश और वेंटिलेशन, शौचालय, पेयजल, बिजली आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रांग रूम की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच करेंगे। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि परीक्षा केंद्र परिषद की गाइड लाइन के अनुसार हैं या नहीं। डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 71,998 विद्यार्थी शामिल होंगे। विभाग की ओर से टीम का गठन किया जा रहा है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर निरीक्षण करेंगी। जिन केंद्रों पर खामियां पाई जाएंगी, वहां प्रबंधन से सुधार कराया जाएगा।