नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा क्षेत्र के निजामुद्दीननगर में पाइप लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क
अंबेडकरनगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में बीते दो माह से जल निगम शहरी की ओर से सड़कें खोदकर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों की मरम्मत और मिट्टी पटाई न किए जाने से नगर की सूरत बिगड़ती जा रही है।
सड़कों के किनारे खोदाई से निकली मिट्टी और बड़े-बड़े रोड़े सड़क पर बिखरे पड़े हैं, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खोदाई के दौरान कई स्थानों पर सड़क किनारे बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसके चलते नालियां जाम हो गईं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है। इससे आसपास के लोगों को दुर्गंध व संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या से जल विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिशासी अधिकारी संजय जैसवार ने बताया कि सड़क मरम्मत कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।
मरीजों को ले जाने में होती है दिक्कत
पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क व नालियों को उसी हालत में छोड़ देना पूरी तरह गलत है। इससे स्कूली वाहनों के साथ साथ मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दस्तगीर अहमद, सभासद प्रतिनिधि
सड़क की मरम्मत न होने से लोगो को हो रही परेशानी
विभाग की लापरवाही से नगर की सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत न होने से आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। सभासद ने मरम्मत कराए जाने की मांंग की है।
रामजी कनौजिया, सभासद