अंबेडकरनगर के अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर बारिश के बाद सड़क पर इस तरह से हुआ जलभराव-संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। मानसून की पहली बारिश ने जिला मुख्यालय समेत तमाम शहरी इलाकों व बाजारों जलभराव को दूर करने को लेकर तैयारियों की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव होने से नागरिकों व यात्रियों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई।
मूसलाधार बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत तो दिलाई, लेकिन जलभराव के संकट का सामना उन्हें करना पड़ा। अकबरपुर नगर में अयोध्या मार्ग पर शीतला आश्रम से लेकर बनगांव मोड़ तक, बस स्टेशन क्षेत्र, कृषि भवन के समक्ष, कलेक्ट्रेट के निकट सड़क जलाशय में तब्दील हो गई। इससे नागरिकों को आवागमन में व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। चार पहिया वाहन तो किसी तरह से पानी से निकल जा रहे थे, लेकिन बाइक, साइकिल व पैदल चलने वालों को मुश्किलें उठानी पड़ी।
जलभराव की समस्या उत्पन्न होने पर नागरिकों ने नाराजगी भी व्यक्त की। कहा कि जलभराव समस्या दूर करने के लिए अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा बढ़ चढ़कर दावा किया गया था। कहा गया था कि नाले व नालियों की बड़े पैमाने पर न सिर्फ साफ सफाई कराई गई, बल्कि उन्हें अतिक्रमणमुक्त भी किया गया। हालांकि बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर पालिका की सभी तैयारियों की पोल खोल दी। इसके अलावा टांडा व जलालपुर नगर क्षेत्र, जबकि जहांगीरगंज, केदारनगर, भीटी, आलापुर समेत जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव का सामना लोगों को करना पड़ा।