अंबेडकरनगर। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर की 97वीं जयंती उल्लास से मनाई गई। मुख्य आयोजन कलेक्ट्रेट के निकट हुआ। प्रजा महासभा व अखिल भारतीय नाई सभा के संयुक्त कार्यक्रम में कर्पूरी ठाकुर को याद किया गया। साथ ही उनके बताए आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। कहा कि किसी भी समाज का विकास तभी संभव है, जब शत-प्रतिशत साक्षरता हो। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दें।
कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय नाई सभा व प्रजा महासभा के जिलाध्यक्ष शिवपूजन नंद शर्मा ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अपना पूरा जीवन समाज के दबे कुचलों के उत्थान में लगा दिया था। शिवपूजन नंद ने कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है, तो अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। इसके साथ ही राजनीति व व्यवसाय में भी अपनी भागीदारी दर्ज कराएं।
वक्ताओं ने युवाओं से कर्पूरी ठाकुर के बताए आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कहा कि समाज व देश के विकास की पूरी जिम्मेदारी युवाओं पर है। ऐसे में युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। कहा कि समाज के जो लोग साधन संपन्न हैं, वे उन बच्चों को पढ़ाई जारी रखने में मदद करें, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इस मौके पर रामकुमार पाल, छठराम शर्मा, बब्लू सलमानी, विशाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, संतकुमार विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।