अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के राबी बहाउद्दीनपुर के निवासी मंगलवार को सड़क पर उतर पड़े। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने जलनिकासी को अवरुद्ध कर दिया है। इससे दो दर्जन से अधिक घरों की जलनिकासी ठप हो गई है। नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
मोहल्ले के राजेंद्र, कुलदीप, शंखलाल समेत अन्य ने कहा कि जिस नाली से उनके घरों की जलनिकासी होती थी, उसे मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने मिट्टी की पटाई कर दी, जलनिकासी को अवरुद्ध कर दिया है। इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदारों से की भी गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह है कि जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। कहा गया कि नाली से दो दर्जन से अधिक घरों का गंदा पानी बहता है। इसके बंद होने से घर में ही गंदा पानी एकत्र हो रहा है।
बताया कि बरसात का मौसम है। ऐसे में बारिश होने पर न सिर्फ घर में ही नहीं, बल्कि घर के बाहर भी जलभराव हो जाएगा। मांग की कि ऐसे में अविलंब न सिर्फ नाली का निर्माण कराया जाए, बल्कि नाली में मिट्टी पटाई करने वालों पर कार्रवाई भी की जाए। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का निस्तारण नहीं किया गया, तो फिर सभी निवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।