फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैश न मिलने से भड़के लोगों ने लगाया जाम

Mon, 05 Dec 2016 11:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
भीटी में धन -निकासी न होने से नाराज होकर सड़क जाम करते बड़ौदा बैंक शाखा के उपभोक्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद कैश संकट से नाराज उपभोक्ताओं ने सोमवार को खजुरी बाजार में जमकर हंगामा करते हुए मार्ग जाम कर दिया। बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की खजुरी शाखा में सोमवार को भी कैश न पहुंचने से नाराज उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इसी बैंक की बरियावन शाखा में भी सोमवार शाम उपभोक्ताओं ने कैश की कमी को लेकर जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन


दोनों जगह पुलिस फोर्स ने मामला शांत कराया। उधर, इसी बैंक की भूलेपुर व यूनियन बैंक की कटोखर शाखा के उपभोक्ता भी भुगतान न होने से आक्रोशित दिखे। कई अन्य बैंक शाखाओं में कैश की कमी के चलते उपभोक्ताओं को पर्याप्त रकम नहीं मिल पाई।

 भीटी प्रतिनिधि के अनुसार बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की खजुरी शाखा में छह दिनों से कैश न होने पर सोमवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एकजुट होकर बाजार में भीटी-महरुआ मार्ग जाम कर दिया।
विज्ञापन


बैंक प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए कहा कि छह दिनों से धन-निकासी के लिए लगातार बैंक का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन इसे लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। दरअसल सोमवार भोर से ही तमाम उपभोक्ता धन-निकासी के लिए लाइन में लग गए थे। दोपहर होते-होते उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। जब उन्हें जानकारी मिली कि कैश नहीं पहुंच पाएगा तो उनमें आक्रोश फैल गया।

उपभोक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। जानकारी मिलने पर एसओ शकुंतला उपाध्याय दलबल के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्रामीण को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। लगभग एक घंटे बाद जाम समाप्त हो सका।

तहसील क्षेत्र के सया स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से अधिकतम दो हजार रुपये ही निकले जबकि जलालपुर व हृदयपुर बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश बैंक शाखा में पांच दिनों से कैश की समस्या बनी हुई है। बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा भूलेपुर व यूनियन बैंक ऑफ इंडिया कटोखर शाखा में पांच दिन से कैश न होने पर उपभोक्ताओं को बिना धन निकाले ही लौटना पड़ रहा है।

महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक महरुआ शाखा में दो दिनों से कैश नहीं है। शनिवार को ही कैश न होने का बोर्ड टंग गया जो सोमवार शाम तक टंगा रहा। उधर, इल्तिफातगंज प्रतिनिधि के अनुसार बॉब की औरंगाबाद शाखा में कैश संकट के चलते भुगतान नहीं मिल पाया। इससे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा।

उधर बैंक ऑफ बड़ौदा की बरियावन शाखा में शाम चार बजे के करीब कैश की कमी के चलते उपभोक्ताओं ने हंगामा करते हुए बैंक के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। अकबरपुर पुलिस ने वहां हंगामा समाप्त कराया। बाद में उपभोक्ताओं को दो-दो हजार का भुगतान दिया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा बरियावन शाखा में तो विड्राल फॉर्म ही समाप्त हो गया है।

नतीजतन सोमवार को धननिकासी के लिए शाखा में जाने वाले उपभोक्ताओं को बैंक के बाहर स्थित फोटो स्टेट की दुकान से विड्राल फॉर्म लेने के लिए भेज दिया गया। उपभोक्ता श्रीराम यादव व दुर्गेश ने कहा कि फोटो स्टेट की दुकान पर विड्राल फॉर्म दो रुपये में धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। कहा कि शनिवार से बैंक में विड्राल फॉर्म समाप्त है।

उपभोक्ता शालिनी व संगीता ने कहा कि शनिवार को दो-दो रुपये का विड्राल फॉर्म खरीदकर धन-निकासी के लिए लाइन में लगे लेकिन नंबर आने से पहले ही रकम समाप्त हो गई। सोमवार को एक बार फिर से दो-दो रुपये का विड्राल फॉर्म खरीदना पड़ा।

एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति में सुधार जल्द ही दिखाई देगा। आरबीआई इसके लिए लगातार आवश्यक प्रयास कर रही है। कैश की कमी दूर करने के लिए बैंक प्रबंधन भी लगातार जुटे हुए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें