अंबेडकरनगर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान लगातार असफल हो रहे हैं। शुक्रवार देर शाम अकबरपुर, भीटी और कटेहरी क्षेत्र में हुई बारिश ने राहत के संकेत दिए थे, लेकिन शनिवार को आसमान उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन एक बूंद पानी नहीं गिरा। भीषण उमस से लोग बेहाल हो उठे। दिनभर आसमान की ओर नजरें टिकाए रहे, पर राहत नहीं मिली। खेतों की प्यास और लोगों की उम्मीदें दोनों अधूरी रहीं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी राहत के संकेत नहीं दिए हैं, जिससे स्थिति और विकट होने की आशंका जताई जा रही है।
शनिवार को बारिश के आसार बने हुए थे, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका। दिन चढ़ने के साथ तपिश लगातार बढ़ती चली गई। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक का समय सबसे ज्यादा कठिनाई भरा रहा। इस बीच शहर में अकबरपुर से टांडा, शहजादपुर, पहितीपुर, अयोध्या जाने वाले मार्गों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। दुकानों में सन्नाटा पसरा रहा। शहजादपुर स्थित सब्जी मंडी में विक्रेताओं ने दुकानें तो लगाईं, लेकिन सब्जियों को भीगे जूट के बाेरे से ढककर चले गए। सरकार और गैर सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने एसी की ठंडी हवा के बीच काम करना बेहतर समझा। पंखे और कूलर फेल होते नजर आए।
शहजादपुर बाजार, फव्वारा चौक, बस स्टैंड और जिला अस्पताल क्षेत्र में दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। नगर के पटेलनगर, अयोध्या मार्ग, पहितीपुर रोड, दोस्तपुर रोड पर लगे स्टॉलों पर लोग राहत की तलाश में पहुंचते रहे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में भी मौसम में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हवा की गति कम और आर्द्रता अधिक होने के कारण उमस बरकरार रहेगी।
बॉक्स
ट्रिपिंग की समस्या से नहीं मिल रही निजात
अधिक लोड और पुरानी लाइनें बार-बार ट्रिपिंग कर रही हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई कॉलोनियों और मोहल्लों से यह शिकायतें सामने आईं कि बिजली कटौती के कारण रातें और अधिक परेशान कर रही हैं। शहर से सटे बैरमपुर बरवा उपकेंद्र से आपूर्ति वाले लोगों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शहरी फीडर से मिर्जापुर, तमसा मार्ग, इंद्रलोक कॉलोनी, इमामबाग, लालाघाट, छोटा मिर्जापुर, फतेहपुर समेत एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में रात में करीब आधा दर्जन बार ट्रिपिंग हुई। वही सुबह से भी ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट का सिलसिला जारी है।
बॉक्स
गर्मी से गर्भवतियों में बढ़ी डिहाइड्रेशन की समस्या
अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी में इलाज के लिए अस्पताल में आने वाली गर्भवतियों में डिहाइड्रेशन की शिकायत देखने को मिल रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में जहां ओपीडी में रोजाना लगभग 200 महिलाएं पहुंच रही हैं। वहीं सीएचसी व पीएचसी पर भी 20 से 30 महिलाएं इस समस्या से परेशान होकर आ रही हैं। चिकित्सक डॉ. शिप्रा मौर्या ने कि बताया चक्कर आना, कमजोरी होना, उल्टी-दस्त के साथ पेट में दर्द होना, नींद ज्यादा आना और सिर दर्द रहना आदि डिहाइड्रेशन के लक्षण हैं। ऐसी शिकायत होने पर उन्हें चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। (संवाद)