अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में पेयजल की बदहाली को लेकर अमर उजाला द्वारा प्रकाशित खबर ने एक बार फिर अपना असर दिखाया है। चार दिन पहले प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने पेयजल बेहतरी को लेकर ठोस प्रयास शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल के सात स्थानों पर मरीजों और तीमारदारों को शीतल व शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। इसके लिए पांच नए वाटर कूलर की स्थापना की जा रही है।
दो पुराने वाटर कूलरों को दुरुस्त कराया जा रहा है। अस्पताल परिसर में बदहाल पड़े दो इंडिया मार्का हैंडपंप को भी दुरुस्त कराने का काम शुरू हो गया है। ऐसे में अब जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन के इस प्रयास की आम नागरिकों ने सराहना की है।
गौरतलब है कि 18 अप्रैल के अंक में अमर उजाला ने जिला अस्पताल में शुद्ध पेयजल बदहाली की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि जिला अस्पताल परिसर में सिर्फ दो वाटर कूलर लगे हैं। इनमें से एक खराब हो चुका है, दूसरा भी कई बार ठप रहता है। परिसर में लगे दो इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को शुद्ध पेयजल के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
इससे पहले आम नागरिकों ने कई बार जिला अस्पताल में पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने की मांग भी उठाई लेकिन जिला अस्पताल प्रशासन ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। इस बीच अमर उजाला द्वारा प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ठोस प्रयास शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल परिसर में जहां पांच नए वाटर कूलर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, वहीं बदहाल पड़े दोनों पुराने वाटर कूलरों की मरम्मत भी करायी जा रही है।
इतना ही नहीं अस्पताल परिसर में बदहाल पड़े दो इंडिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है। ऐसे में अब जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों व तीमारदारों को आने वाले समय में पेयजल संकट की समस्या से निजात मिलेगी। जिला अस्पताल के अलग-अलग स्थानों पर तीन नए वाटर कूलर लगाए जाएंगे, वहीं दो वाटर कूलर मातृ-शिशु विंग के पास लगाए जाएंगे। इमरजेंसी वार्ड गेट के बगल में लगे दोनों वाटर कूलरों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा खराब पड़े दो हैंडपंपों की मरम्मत भी की जाएगी।
अकबरपुर नगर के शास्त्रीनगर मोहल्ला निवासी रवीश शुक्ल व मीरानपुर निवासी राजन प्रजापति ने कहा कि जिला अस्पताल में पेयजल व्यवस्था बेहतर करने की सख्त जरूरत थी। अमर उजाला ने प्रमुखता से इस खबर को प्रकाशित किया और जिला अस्पताल प्रशासन इसका संज्ञान लेते हुए बेहतर करने का प्रयास कर रहा है जो सराहनीय है। कहा कि अस्पताल में कई अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किए जाने की जरूरत है जिससे दूरदराज से आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
जिला अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था बेहतर की जा रही है। जल्द ही जिला अस्पताल में सात वाटर कूलरों से शुद्ध व शीतल पेयजल मिलेगा। साथ ही दो हैंडपंपों को भी चालू किया जाएगा। इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस