सुल्तानपुर। पति के लाइसेंसी रिवाल्वर से दो दिन पूर्व सार्वजनिक रूप से फायरिंग करने वाली पंचायत सचिव महिमा सिंह को बुुधवार को जिला पंचायतराज अधिकारी ने निलंबित कर अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया। मामले की जांच एडीओ पंचायत भदैंया को सौंपी गई है।
कुड़वार विकास खंड क्षेत्र में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी महिमा सिंह का दो दिन पूर्व सार्वजनिक रूप से असलहे से फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो की जांच के बाद कुड़वार पुलिस ने इस आरोप में उनके पति दिव्यांश सिंह निवासी डोमनपुर व पंचायत सचिव महिमा सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। कुड़वार पुलिस ने 24 मई को दिव्यांश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पंचायत सचिव की तलाश पुलिस कर रही है। मामले की जानकारी पर अधिकारी हरकत में आ गए। डीएम रवीश गुप्ता के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बुधवार को ग्राम पंचायत अधिकारी महिमा सिंह को निलंबित करते हुए अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। हालांकि निलंबन में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने, आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं करने, शासकीय कार्य समय से नहीं करने व ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को प्रभावित करने समेत अन्य आरोप लगे हैं। इसके साथ ही सेवा आचरण नियमावली का उल्लंघन करने का भी आरोप लगा है। डीपीआरओ ने बताया कि महिमा सिंह की जांच एडीओ पंचायत भदैंया को सौंपी गई है।
कुछ माह पहले ही बहाल हुई थीं महिमा सिंह
ग्राम पंचायत अधिकारी महिमा सिंह अपने कार्य को लेकर सुर्खियों में रहीं। मौजूदा समय में इनके पास करीब आठ ग्राम पंचायतें हैं। इसके पहले कुड़वार के इसरौली ग्राम पंचायत में वित्तीय अनियमितता के मामले में आरोपी पाए जाने पर डीपीआरओ ने इन्हें निलंबित कर दिया था। जांच के बाद इन्हें कुछ माह पहले बहाल किया गया था। अब फायरिंग का मामला सामने आने पर इन्हें विभिन्न आरोपों में डीपीआरओ ने फिर निलंबित कर दिया।