अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को मरीजों की भीड़ जगी रही। एक चिकित्सक पहले से ही अवकाश पर थे, जबकि दो अन्य चिकित्सकों की वीआईपी ड्यूटी लगा दी गई। इससे रोगियों को घंटों परेशान होना पड़ा। शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या एक दिवसीय दौरे पर जिले आए थे। इसके लिए प्रोटोकॉल के तहत चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिसमें अस्पताल वरिष्ठ फीजिशियन डॉ. डीपी वर्मा व डॉ. विवेक पांडेय थे। वहीं एक अन्य सर्जन की भी ड्यूटी लगाई गई थी। ऐसे में सुबह आठ बजे अस्पताल के खुलते ही मरीजों की भीड़ बढ़ गई। ओपीडी में केवल डॉ. योगेश वर्मा ही मौजूद थे। इसके चलते इनके पास रोगियों की कतार लग गई। इस दौरान लोगों को करीब दो से तीन घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। हालांकि करीब दो घंटे बाद जब हालात बिगड़ने लगे तो सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने अस्पताल के अन्य डॉक्टर को ओपीडी भेजा जिसके बाद हद तक स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन इसके बावजूद भी मरीजों को काफी परेशान होना पड़ा।
बारी का करते रहे इंतजार
फोटो-6
अकबरपुर के मीरानपुर के रहने वाले रामबहादुर ने बताया कि वह सुबह नौ बजे अस्पताल इलाज के लिए आए थे, लेकिन डॉक्टर के पास काफी भीड़ थी। ऐसे में उन्होंने कतार में खड़े होना पड़ा। करीब दो घंटे के बाद नंबर आया तो उपचार मिल सका।
-
फोटो-7
बसखारी के रहने वाले अनिल ने बताया कि उन्हें दो दिनों से बुखार आ रहा था। जिसके कारण वह अस्पताल में इलाज कराने आए थे। अस्पताल में काफी भीड़ थी। जिसके कारण चिकित्सक को दिखाने में काफी समय लगा।
वर्जन
शनिवार को वैसे ही ओपीडी में मरीजों की भीड़ कम होती है। एक चिकित्सक के होने की वजह से शुरुआत में कुछ समस्या हुई थी, लेकिन जानकारी होते ही एक अन्य चिकित्सक को ओपीडी भेजा गया था।
डॉ. पीएन यादव, सीएमएस