अंबेडकरनगर। भाजपा, सपा व बसपा सिर्फ जाति व धर्म की राजनीति करती है। यह सभी पार्टियां समाज को बांटने का काम करती हैं। नफरत की राजनीति करने वाली पार्टियों को अब प्रदेश की जनता नकार चुकी है। युवाओं को रोजगार चाहिए तो किसानों को दोगुनी आय की दरकार है। महिलाओं को सुरक्षा चाहिए। सिर्फ कांग्रेस ही विकास की बात करती है। यह बातें शनिवार को पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अकबरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका जायसवाल व जलालपुर में पार्टी प्रत्याशी रागिनी पाठक के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करने के दौरान कहीं।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने लड़की हूं, लड़ सकती हूं का जो नारा दिया है, उसे प्रदेश में सरकार बनने के बाद पूरी तरह से साकार किया जाएगा। हम प्रदेश के विकास की बात करते हैैं। हम युवाओं को रोजगार दिलानेे, किसानों की आय दोगुनी किए जाने, महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने, महंगाई पर अंकुश लगानेे, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा को और भी दुरुस्त करने की बातें करते हैं, लेकिन भाजपा, सपा व बसपा इन बातों पर ध्यान ही नहीं देती।
कांग्रेस महिला इकाई की नेशनल कोऑर्डिनेटर सदफ जफर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर घोषणापत्र में जो वादे किए गए हैं, उन्हें शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा। छात्राओं को स्कूटी व लैपटॉप दिया जाएगा। युवाओं के लिए रोजगार व शिक्षा के माध्यम तैयार किए जाएंगे। बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा। इस मौके पर प्रत्याशी प्रियंका जायसवाल, अमित जायसवाल, अवधेश मिश्र, रेहान जैदी, विशाल वर्मा, गुलाम रसूल छोटू, शिवमूरत यादव आदि मौजूद रहे।