जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर के वल्लीपुर गांव निवासी निजी लाइनमैन आदित्य उपाध्याय उर्फ काजू (36) की हत्या के मामले में मंगलवार को एक और आरोपी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि परिजनों ने दूसरे आरोपी के भी शामिल होने की आशंका जताई थी। इस पर उसे पकड़ा गया। वहीं पुलिस की मौजूदगी में मृतक का तमसा नदी के किनारे अंतिम संस्कार हुआ।
निजी लाइनमैन की जिस तरह रविवार की रात ईंटों से कूचकर और गला रेतकर हत्या की गई, उससे हर कोई हैरान है। साथ ही परिजनों के साथ ही ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी है। चौबेपुर गांव निवासी अशोक चौबे के घर पर शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। इस पर आदित्य की बेरहमी से हत्या की गई थी। पुलिस ने सोमवार को हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए अशोक चौबे को गिरफ्तार किया था। मृतक आदित्य के परिजनों ने आशंका जताई थी कि गांव का रहने वाला मुन्नू भी घटना में शामिल था। इस पर उसे पकड़ा गया। तमसा नदी स्थित जगरदेव बाबा घाट पर आदित्य के शव का अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान पिता वीरेंद्र की आंखों में बेटे को खोने का गम साफ दिखा। वह जहां घटना को लेकर नाराज दिखे, वहीं उनके आंसू नहीं बंद हो रहे थे। थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि मुन्ना को भी पकड़ा गया है।