फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक लाख आबादी पूरी रात रही अंधेरे में

Mon, 10 Oct 2016 11:21 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
बिजली - फोटो : demo pic
विज्ञापन
पावर कार्पोरेशन अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा कल्यानपुर व महरुआ फीडर से जुड़े लगभग एक लाख उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा। जलालपुर तहसील अंतर्गत कल्यानपुर गांव के निकट विद्युत तार टूटने से कल्यानपुर फीडर से जुड़े एक दर्जन से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति रविवार रात बजे ठप हो गई।
विज्ञापन


सोमवार सुबह गड़बड़ी दूर करने के बाद पूर्वाह्न लगभग 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। पावर कारपोरेशन की लापरवाहीपूर्ण रवैये से उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल गया। चेतावनी दी कि यदि अविलंब आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो मंगलवार को कल्यानपुर फीडर का घेराव किया जाएगा।

उधर, भीटी तहसील अंतर्गत महरुआ फीडर में भी आई गड़बड़ी के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुर्गा पूजा के साथ-साथ मोहर्रम को देखते हुए उपभोक्ताओं को शासन से सुचारु बिजली उपलब्ध कराने के विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद पावर कारपोरेशन उपभोक्ताओं को माकूल आपूर्ति नहीं करा पा रहा है।
विज्ञापन


जर्जर हो चुके उपकरणों के चलते आए दिन विभिन्न प्रकार की गड़बड़ी उत्पन्न होती रहती है। इन्हें ठीक कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन पावर कारपोरेशन इसे लेकर पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है।

इसी का नतीजा रहा कि एक तरफ जहां जलालपुर तहसील अंतर्गत कल्यानपुर फीडर से जुड़े लगभग 50 हजार उपभोक्ताओं को सोमवार पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी, वहीं भीटी तहसील अंतर्गत महरुआ फीडर से जुड़ी लगभग 52 हजार आबादी को पूरी रात बदतर विद्युत आपूर्ति के दौर से गुजरना पड़ा। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार कल्यानपुर गांव के निकट रविवार रात लगभग 10 बजे जर्जर तार टूट गया।

इससे इस फीडर से जुड़े बड़ेपुर, लखनिया, बलुआ बहादुरपुर, शरीफपुर, रुकुनुद्दीनपुर, साई सम्मदपुर, अशरफाबाद, नारीपुर, मेहनाजपुर व जहांगीरपुर समेत दर्जन भर से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जिससे इन गांवों से जुड़ी लगभग 50 हजार आबादी अंधेरे में आ गई।

पहले तो उपभोक्ताओं ने मामूली गड़बड़ी समझी लेकिन जब काफी देर तक बिजली नहीं आई तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के फोन घनघनाने लगे। उन्हें बताया गया कि तार टूट गया है। उसे सुबह ही ठीक कराया जा सकता है। नतीजतन पूरी रात उपभोक्ताओं को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। सुबह गड़बड़ी ठीक की गई तब जाकर लगभग 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। 

उधर भीटी प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के महरुआ फीडर में रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे गड़बड़ी आ गई। नतीजतन इससे जुड़े लगभग 50 गांवों की आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसका खामियाजा लगभग 52 हजार आबादी को भुगतना पड़ा। हालांकि भोर तक गड़बड़ी को दूर कर लिया गया। इसके बाद भी आपूर्ति में बाधा उत्पन्न होती रही।

पर्व के बावजूद पावर कार्पोरेशन अधिकारियों व कर्मचारियों के लापरवाहीपूर्ण रवैये से उपभोक्ताओं में नाराजगी व्याप्त हो गई। कल्यानपुर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता रामजी, गिरिजेश, सुधाकर, सुनील, पवन, अजीत, राजेश, रंजनीश व जितेंद्र आदि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पावर कार्पोरेशन को उपभोक्ताओं के हित की तनिक भी चिंता नहीं है।

तमाम मांग के बाद भी जर्जर हो चुके उपकरणों को बदला नहीं जा रहा है। कहा कि पर्व के मद्देनजर सुचारु बिजली उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई थी लेकिन जबसे पर्व शुरू हुआ है, बिजली व्यवस्था और भी बदतर हो गई है। चेतावनी दी कि यदि अविलंब सुचारु बिजली उपलब्ध कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो मंगलवार दोपहर बाद उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा।

उधर, महरुआ उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं ने भी सुचारु बिजली उपलब्ध कराए जाने की मांग की।   पावर कार्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि तार टूटने के चलते कल्यानपुर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को रविवार रात बिजली नहीं मिल सकी। सोमवार को खराबी ठीक करा ली गई। सुचारु बिजली उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें