कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी के मरीजों को पोषण पोटली देते एडीएम न्यायिक व मौजूद पदाधिकारी।
सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जनभागीदारी तथा निक्षय मित्र पहल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों व संभ्रांत व्यक्तियों को निक्षय मित्र बनाया गया। साथ ही क्षय रोगियों को पोषण पोटलियां बांटी गईं।
बता दें कि इस कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी ने 30 व हाजी फिरदौस अख्तर फाउंडेशन ने 20 टीबी मरीजों को पोषण पोटलियां बांटीं। इससे पूर्व संस्था के पदाधिकारियों का निक्षय मित्र के रूप में पंजीकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुरेश कुमार ने उपस्थित क्षय रोगियों व उनके सहयोगियों को टीबी के इलाज का पूरा कोर्स करने की सलाह दी। अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम ने स्वयं सेवी संस्थाओं, औद्योगिक घरानों व आईएमए को इस जनहित के कार्य में सहयोग करने को कहा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज कुमार देशमणि ने कहा कि प्रत्येक मरीज योजना का लाभ ले सकता है। इसके लिए उन्हें अपना बैंक खाता व आधार कार्ड की छायाप्रति नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध करानी होगी। इस दौरान रेडक्रास सोसाइटी से चेयरमैन संजीव मेहरोत्रा, सचिव ललित श्रीवास्तव, सनी बेग, डाॅ इमरान खान व अन्य उपस्थित रहे।