सीतापुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री ने मूंग, तिल, मूंगफली की संपूर्ण उपज को खरीदने की स्वीकृति देने की घोषणा की है। इससे जिले के किसान उत्साहित हैं। साथ ही अन्य किसान इन फसलों को बोने के साथ इसका रकबा बढ़ने पर भी विचार कर रहे हैं। इन तीनों फसलों की बोआई 12,146 हेक्टेयर में की गई है।
जिले में इस बार खरीफ सीजन में मूंग की बोआई 260 हेक्टेयर में की गई है। तिल 6,938 हेक्टेयर और मूंगफली की बुआई 4948 हेक्टेयर में की गई है। जिन किसानों ने यह तीनों फसलों की बोआई की है। उन्हे उत्पादित फसल की बिक्री की चिंता नहीं करनी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन फसलों की संपूर्ण उपज की खरीद करने की स्वीकृति दी है। किसानों के हित में पूरी खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से करने के लिए निर्देश दिए हैं। खरीद आधुनिक बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण व पीओएस मशीन के साथ डिजिटल पोर्टलों के जरिए होगी। इससे जिले के किसान उत्साहित हैं। राज्य पुरस्कृत प्रगतिशील किसान श्वेतांक त्रिपाठी ने बताया कि सरकार का यह निर्णय सराहनीय है। एफपीओ संचालक राजीव भार्गव ने बताया कि केंद्र के इस फैसले से मूंग, तिल और मूंगफली का जिले में रकबा बढ़ेगा।