मामला पांच वर्ष पहले जिला चिकित्सालय में हुई खरीददारी से जुड़ा है। यहां हास्पिटल मैनेजमेंट इंफारमेशन सिस्टम के तहत राज्यस्तर पर कंप्यूटर व प्रिंटर समेत कई जिन उपकरणों की खरीद की गई थी, उनमें से अधिकांश का अब पता नहीं है।
बुधवार को सीबीआई टीम को आना था लेकिनशाम तक नहीं पहुंची। गुरुवार सुबह टीम के यहां आने की उम्मीद है। टीम यहां पत्रावलियों को खंगालने के साथ ही उपकरणों का सत्यापन करेंगी।
मालूम हो कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में किए गए भ्रष्टाचार का मामला उछलने के बाद सीबीआई जांच की घोषणा हुई थी। अब अंबेडकरनगर भी सीबीआई जांच की जद में आ गया है। पूरा मामला हास्पिटल मैनेजमेंट इंफारमेशन सिस्टम को लेकर हुई खरीद से जुड़ा है।
दरअसल मरीजों की बेहतरी व सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए प्रदेश के कुल 15 जिला चिकित्सालयों का चयन किया गया था। इसमें तमाम उपकरणों की खरीद की गई, जिसमें कई कम्प्यूटर व प्रिंटर भी शामिल थे। राज्यस्तर पर ही इनकी खरीदकर संबंधित फर्म ने अलग अलग चिकित्सालयों में यह सिस्टम लगाए।
इस योजना में खास बात यह थी कि इंडोर व आउट डोर गतिविधियों से जुड़े सभी तथ्य एकत्र किए जाने थे, जिसके माध्यम से कभी भी कोई भी जानकारी आसानी से हासिल की जा सकती थी। इन सामानों की खरीददारी पांच वर्ष पहले 2010 में की गई थी। सामानों की कीमत का कोई रिकार्ड तो यहां उपलब्ध नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि इसके लिए बड़ी कीमत अदा की गई थी।
मौके की स्थिति यह है कि यहां पर इस सिस्टम से जुड़े अधिकांश उपकरण नदारद हैं। इन्हीं सब तथ्यों की जांच करने सीबीआई की टीम को यहां पहुंचना है। उसे बुधवार दिन में ही यहां आना था, लेकिन कतिपय कारणों से टीम शाम तक नहीं पहुंच सकी।
इस बीच सीबीआई टीम के आने को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल है। एक डिप्टी एसपी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम यहां पहुंचकर सिस्टम के तहत हुई खरीददारी व उससे जुड़े तमाम तथ्यों को खंगालेगी। देर सायं सीएमओ मेजर डा. बीपी सिंह ने बताया कि टीम संभवत: देर रात या फिर गुरुवार प्रात: जिले में पहुंचेगी।