अंबेडकरनगर। डाकघर के खाताधारक अब बायोमीट्रिक मशीन के जरिये एक दिन में 10 हजार तक धन निकासी कर सकेंगे। 15 जनवरी से जिले के 31 में से 12 डाकघरों में ये सुविधा मिलने लगी है। अब उन्हें धन जमा और निकासी के लिए घंटों कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
डाक विभाग ने नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत बिना फॉर्म भरे 10 हजार रुपये तक की नकद निकासी की जा सकती है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए खाताधारकों को न तो पासबुक लाने की आवश्यकता होगी और न ही किसी निकासी फॉर्म को भरना पड़ेगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पर आधारित होगी, जिससे असाक्षर खाताधारकों के लिए भी लेन-देन आसान हो जाएगा।
डाकघर की इस नई सुविधा से खासतौर पर असाक्षर और वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिलेगा, जो फॉर्म भरने की प्रक्रिया में कठिनाई महसूस करते हैं। खाताधारकों को केवल अपना आधार नंबर बताना होगा और बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट वेरिफिकेशन के माध्यम से निकासी कर सकेंगे। एक बार में 10 हजार रुपये और महीने में 50 हजार रुपये तक अधिकतम निकासी की अनुमति दी गई है। हालांकि, खाताधारकों के लिए जमा राशि पर कोई सीमा नहीं रखी गई है। प्रधान डाकघर अकबरपुर की पोस्टमास्टर नूतन सिंह ने बताया कि खाताधारक को ई-केवाईसी कराने के लिए फाॅर्म भरने के साथ ही अंगूठे का निशान रजिस्टर कराना होगा। ई-केवाईसी के लिए लोग काफी संख्या में डाकघर आ रहे हैं।
डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को पेपरलेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। खाता खोलने के लिए दस्तावेजों की हार्डकॉपी की आवश्यकता नहीं होगी। खाताधारकों को केवल अपना आधार नंबर और पैन नंबर देना होगा, जिसके बाद ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
नए नियमों के तहत खाता खोलने के लिए केवल आधार और पैन नंबर देना होगा। बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट वेरिफिकेशन के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।