अंबेडकरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में नये निर्देश के बाद अब एक दिन में तीन बार हाजिरी लगाना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं हर दिन आनलाइन उपस्थिति का ब्योरा भी प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। मोबाइल पर चेहरा दिखाकर यानी फेस डिटेक्शन सिस्टम से उपस्थिति दर्ज होगी।
जिले में आठ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें अब छात्राओं के साथ-साथ शिक्षिकाओं और स्टाफ को एक दिन में तीन बार उपस्थिति लगाना अनिवार्य होगा। हर दिन ऑनलाइन उपस्थिति का ब्योरा भी प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। मोबाइल पर चेहरा दिखाकर यानी फेस डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से भी उपस्थिति दर्ज होगी।
दर्ज उपस्थिति के अनुसार ही शिक्षिकाओं और स्टाफ के मानदेय का भुगतान किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा का निर्देश है कि जांच टीमों के माध्यम से छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं और स्टाफ के लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में उपस्थिति को सख्ती की जाए। सभी को प्रतिदिन सुबह, दोपहर और रात में उपस्थिति दर्ज कर इसका ब्योरा प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन भेजना होगा।
अनुपस्थित मिलने पर कटेगा वेतन
बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से टीम का गठन कर विद्यालयों की जांच होगी। अनुपस्थित पाए जाने वाली शिक्षिकाओं और अन्य स्टाफ का मानदेय काटा जाए। हॉस्टल की सुविधा के बावजूद छात्राएं अनुपस्थित हो रही हैं तो अभिभावकों से इसकी पूछताछ की जाएगी। सुविधाओं के बारे में भी फीडबैक लिया जाएगा। विद्यालय में उपस्थिति लेने का काम शुरू कर दिया गया है। - बीपी सिंह, बीएसए