राजनीतिक कार्यक्रमों में अफसरों ने ली थी रुचि
अमर उजाला इंपैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। भाजपा के मंच पर अफसरों की मौजूदगी का जिला प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है। अफसरों की मौजूदगी को लेकर सिर्फ अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। अब इसी के चलते एसडीएम भीटी व डीआईओएस को कारण बताओ नोटिस जारी हो गया है। इसके साथ ही डीएम ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों में भागीदारी को लेकर विभागीय निर्देशों व मानकों का पूरा पालन तय किया जाए।
भाजपा के कार्यक्रमों में अधिकारियों व कर्मचारियों की भागीदारी ने जिले में नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल प्रोटोकॉल के नाम पर पिछले कई आयोजनों से न सिर्फ सरकारी अधिकारी वरन अलग-अलग विभागों के कर्मचारी बड़ी तादाद में ऐसे कार्यक्रमों में प्रमुखता से शिरकत करते देखे जा रहे हैं। दबी जुबान से कर्मचारी इसके लिए उन पर पड़ने वाले दबाव का उल्लेख भी कर रहे।
पिछले कुछ समय से चली आ रही यह मनमानी गत दिवस तब ज्यादा व्यापक रूप से सामने आ गई जब जिले के दौरे पर पहुंची उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के साथ मंच पर डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह भी बैठे दिखे। मौका था नारी तू नारायणी अभियान के तहत किछौछा में आयोजित भाजपा के नारी सम्मेलन का।
इसी के दो दिन बाद भीटी में भाजपा के ऐसे ही मंच पर प्रभारी मंत्री गिरीशचंद यादव की मौजूदगी में मंच की पहली पंक्ति में एसडीएम भीटी दयाशंकर पाठक व सीओ शुभम कुमार बैठे रहे। सिर्फ अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया। डीएम अविनाश सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दी है।