बेटी के विरुद्ध टिप्पणी को लेकर हजरतगंज थाने में दर्ज मुकदमे के मामले में बसपा प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर को हजरतगंज पुलिस ने नोटिस तामील करा दिया है। राजभर ने नोटिस तामीला होने की पुष्टि भी की है और कहा है कि उन्हें इस मामले में जो भी कहना है, वह विवेचक के समक्ष ही कहेंगे।
गौरतलब है कि बीते दिनों लखनऊ में बसपा द्वारा आयोजित प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की बेटी व उनकी पत्नी के विरुद्ध अभद्र व आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे। इस पर दयाशंकर की मां ने हजरतगंज थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया था। बाद में पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज करने के लिए भी तहरीर दी गई थी। यह धारा भी बढ़ा दी गई थी।
इस बीच लखनऊ के हजरतगंज थाने में तैनात सिपाही सुनील तिवारी रविवार को हजरतगंज पुलिस की तरफ से जारी पाक्सो एक्ट का नोटिस लेकर अंबेडकरनगर पहुंचा। उसने यह नोटिस उनके घर पर तामीला भी करा दी।
इसमें विवेचक के समक्ष जल्द से जल्द बयान दर्ज कराने आदि का उल्लेख है। उधर राजभर ने नोटिस तामीला होने की पुष्टि की है। कहा कि मामले में नोटिस मिला है, उसमें पाक्सो एक्ट का उल्लेख है जबकि जो बातें वहां कही गईं, उससे कहीं से इस एक्ट के तहत अपराध नहीं बनता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेता नसीमुद्दीन ने प्रदर्शन के अगले दिन ही स्थिति स्पष्ट कर दी थी कि उन सबकी किसी को आहत करने की कोई मंशा नहीं थी। उन सबने तो सिर्फ उदाहरण के तौर पर बातें कहीं थीं। राजभर ने कहा कि इसके अलावा उन्हें कुछ नहीं कहना है। उन्हें जो कहना है, वह विवेचक के सामने ही कहा जाएगा।