महरुआ। भीटी थाना क्षेत्र के पकड़ी नगऊपुर गांव निवासी सचिन तिवारी उर्फ पुज्जू हत्याकांड में फरार चल रहे अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के खरगपुर निवासी 50 के इनामी बदमाश के घर रविवार को महरुआ पुलिस ने कुर्की पूर्व की नोटिस चस्पा की। कहा गया कि यदि माह भर के अंदर अपराधी ने सरेंडर नहीं किया तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घर पर नोटिस चस्पा करने के साथ ही मुनादी भी कराई।
बीती 19 जनवरी को भीटी थाना क्षेत्र के पकड़ी नगऊपुर निवासी सचिन तिवारी उर्फ पुज्जू की एक जनसेवा केंद्र से उठाकर महरुआ थाना क्षेत्र के गोइथा गांव के पास दिनदहाड़े गोली मारकर रंजिश में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पिता की तहरीर पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। महरुआ पुलिस की जांच के दौरान अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत खरगपुर निवासी शातिर बदमाश विजय सिंह उर्फ बिज्जी समेत 9 लोगों का नाम प्रकाश में आया था। घटना में शामिल 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मऊ जनपद निवासी राजन पासी व सुल्तानपुर जिले के अविनाश सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
दूसरे दिन साजिशकर्ता अवधेश गोस्वामी, ओंकार सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, ओमप्रकाश सिंह, अविनाश गौतम, विशाल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक आरोपी को मुठभेड़ में अहिरौली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस घटना का 50 हजार का इनामी मास्टर माइंड बदमाश पुलिस पकड़ से दूर बना हुआ है। ऐसे में महरुआ पुलिस ने न्यायालय से बदमाश के विरुद्घ कुर्की की कार्रवाई करने की अनुमति मांगी।
न्यायालय ने कुर्की पूर्व की नोटिस जारी कर दी है। रविवार को एसओ महरुआ शंभूनाथ के नेतृत्व में पुलिस ने अकबरपुर कोतवाली के खरगपुर गांव पहुंचकर बदमाश विजय सिंह उर्फ बिज्जी के घर कुर्की पूर्व की नोटिस चस्पा की। इसके बाद गांव में मुनादी करायी गई। हिदायत दी गई कि यदि माह भर के अंदर हाजिर न हुआ तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।