अंबेडकरनगर। जिले के लगभग 100 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां छाया की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर विभिन्न पदों के लिए 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर 20 फिट का टेंट लगाया जाएगा, जिससे मतदाताओं को गर्मी में परेशान का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। कहा कि अपर जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके अलावा जो भी कमियां मतदान केंद्रों पर हों, उन्हें समय रहते दूर करा दिया जाए।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला पंचायत सदस्य के 41, ग्राम प्रधान के 902, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1020 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के 11 हजार 58 पद के लिए 29 अप्रैल को एक साथ मतदान होगा। इसके लिए जिले में 952 मतदान केंद्र व 2754 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में बीते दिनों सभी एसडीएम व खंड विकास अधिकारियों को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने निर्देशित किया था कि अपने-अपने क्षेत्र में उन मतदान केंद्रों को चिह्नित करें, जहां छाया की समुचित व्यवस्था न हो।
जांच के बाद बीते दिनों हुई बैठक में जो रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, उसमें बताया गया कि लगभग 100 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां छाया की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस पर एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान के दिन संबंधित मतदान केंद्र पर 20 फिट लंबा टेंट जरूर लगवाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्देश देते हुए कहा कि इसके अलावा भी सभी मतदान केंद्र पर जो भी समस्या हो, उसे समय रहते दूर कर दिया जाए। कहा गया कि जिस मतदान केंद्र पर पेयजल की समुचित व्यवस्था न हो, वहां पानी का टैंकर खड़ा किया जाए।