जानकारी के मुताबिक क्षेत्र की माइनर में लंबे समय से पानी नहीं आ रहा था। पानी की मांग कर रहे ग्रामीणों का धैर्य सोमवार को जवाब दे दिया। पानी न आने से नाराज विजयगांव, कालेपुर, कटरिया, डइयाडीह सहित छह से अधिक गांव के ग्रामीण अकबरपुर टांडा मार्ग पर स्थित रगड़गंज बाजार पहुंच गए।
यहां सभी ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अकबरपुर टांडा मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि अरसे से उनकी उपेक्षा की जा रही है। नहर में पानी न आने से न सिर्फ धान की बेरन लगाने में समस्या आ रही है, वरन जिन लोगों ने किसी प्रकार बेरन तैयार भी कर लिया है वे रोपाई नहीं कर पा रहे हैं।
नहर में पानी के लिए कई बार संबंधित अफसरकों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा सका। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कहा कि गेहूं की फसल बर्बाद होने से किसान पहले से ही परेशान है, उस पर अब नहर में पानी न आने से उसकी परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर नहर में पानी नहीं आया, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव धान की फसल पर पड़ेगा। इसी बीच जाम की सूचना पर पहुंचे डीएम विवेक ने ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें शीघ्र ही नहर में पानी आने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। डीएम के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।