अंबेडकरनगर। अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव और दीपावली पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिले में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर अयोध्या जाने वाले मार्गों पर छह नवंबर की रात 12 बजे से आठ नवंबर तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
टीएसआई जेबी यादव ने बताया कि सम्हरिया चौराहा से सेवागंज बैरियर और पहतीपुर मोड़ से अन्नावा तिराहा होकर अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती और कलवारी की ओर से आने वाले वाहन सम्हरिया चौराहा से इनामीपुर पुल के नीचे होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर जाएंगे। वहीं, आजमगढ़ और बसखारी से आने वाले वाहनों को न्यौतरिया बाईपास से एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। अन्य मार्गों से आने वाले भारी वाहनों को सुल्तानपुर रोड या पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात सुचारु रखने के लिए अयोध्या से जुड़े मार्गों पर 13 बैरियर और डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। यादव नगर और सेवागंज बैरियर को वाहनों के प्रतीक्षा स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है।
उधर, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर शहजादपुर चौक में छह से नौ नवंबर तक सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। फव्वारा तिराहे और संघतिया पुलिस चौकी की ओर से आने वाले वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इस दौरान ग्राहकों और दुकानदारों को पैदल आवागमन करना होगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।